मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 45 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके पर ही 17 शिकायतों का निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क और पुलिस-प्रशासन से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरत पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें।उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें शिकायतकर्ता को वस्तुस्थिति से स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी।डीएम ने आइजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ किया जाए। मौके पर पहुंचने वाले अधिकारी शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में फीडबैक भी लें और कार्रवाई की फोटो उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायत निस्तारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में भी सख्ती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए डीएम ने पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार जानसठ, क्षेत्राधिकारी जानसठ, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group