मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में चोरों ने एक ही रात में तीन मकानों को निशाना बनाकर ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी। दो घरों में चोर नकदी, जेवर और नई मोटरसाइकिल चोरी करने में सफल रहे, जबकि तीसरे मकान में चोरी का प्रयास नाकाम हो गया। एक ही रात में लगातार हुई घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी है।बताया गया कि चोर सबसे पहले गांव निवासी तिलकराम हवाई के घर में घुसे। घर का सामान खंगालने के बाद चोर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और मिठाई चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने स्वयं धोबी के मकान को निशाना बनाया। यहां से करीब दो लाख रुपये नकद, कानों के सोने-चांदी के कुंडल और नई मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई।चोरों ने इसके बाद एक अन्य मकान में भी घुसकर चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली। घटना की खास बात यह रही कि चोर जिस पुरानी मोटरसाइकिल से गांव में पहुंचे थे, उसे मौके पर ही छोड़ गए और स्वयं धोबी के घर से चोरी की गई नई बाइक लेकर फरार हो गए। सुबह परिवारों को चोरी की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। कभी नलकूपों और बिजली के उपकरणों को निशाना बनाया जाता है तो कभी घरों में घुसकर नकदी और सामान चोरी किया जाता है। ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में रात के समय गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा भी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और मौके से वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और स्थानीय स्तर पर निगरानी मजबूत किए जाने की जरूरत है।विकास शर्मा ने क्षेत्र में कथित नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिरालसी चौकी क्षेत्र में सूखा नशा बेचे जाने की शिकायतें ग्रामीणों से मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि नशे पर रोक नहीं लगी तो इसका असर युवाओं पर पड़ सकता है और अपराध की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं।रोनी हरजीपुर और आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर पहले से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ऐसे में रात में घरों में चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें एक ओर जंगली जानवर का डर है तो दूसरी ओर चोरों की गतिविधियों से भी सुरक्षा की चिंता बनी हुई है।विकास शर्मा ने कहा कि चोरी और नशे की समस्या को लेकर आगामी 17 तारीख को होने वाली पंचायत में भी मामला उठाया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मौके पर छोड़ी गई बाइक और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group