मुजफ्फरनगर। जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में दो और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों की उम्र करीब 50 वर्ष बताई गई है। एक मरीज जानसठ रोड और दूसरा प्रकाश चौक क्षेत्र का रहने वाला है। नए मामले सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में सामने आए मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी भी जांच कराई जा रही है। इससे पहले मोरना क्षेत्र में भी स्वाइन फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए संपर्क में आए लोगों की जांच कराई थी।स्वास्थ्य विभाग ने खतौली, जानसठ और मोरना समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें लोगों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर जांच और उपचार की व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान फ्लू और इससे संबंधित संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। सितंबर और अक्टूबर में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक सामने आए स्वाइन फ्लू के सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। विभाग की ओर से संक्रमण की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।