मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र में हुई एटीएम लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपित विपिन के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उसके साथी लुकमान को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपित अंकुर को बाद में जेबरी पुल के पास से दबोचा गया।पुलिस के अनुसार चार सितंबर को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम के पास लूट की वारदात हुई थी। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ-शामली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि पीछे बैठे बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विपिन के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसका साथी लुकमान भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने अंकुर को जेबरी पुल के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट की रकम में से 15 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक विपिन और लुकमान के पास से 10 हजार रुपये तथा अंकुर के कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद हुए।पुलिस के अनुसार विपिन और लुकमान शामली जिले के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के बनत के रहने वाले हैं, जबकि अंकुर मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित लक्ष्मी विहार का निवासी है। पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि एटीएम लूट की इस वारदात में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। मुठभेड़ स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group