मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र में दुकान पर कब्जा करने के लिए हत्या करने और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपित दो युवकों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद चरथावल पुलिस ने दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2/3 में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार किशनपुरा निवासी मोहन को गिरोह का सरगना बताया गया है। उसका साथी नितिन उर्फ नितीश निवासी तेजलहेड़ा बताया गया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया। दुकान पर कब्जा करने की नीयत से दुकान मालिक की हत्या करने का भी आरोप दोनों पर है।पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ चरथावल थाने में पहले से दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों और उनकी कथित आपराधिक गतिविधियों को आधार बनाकर पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार किया।पुलिस अधिकारियों की संस्तुति के बाद गैंग चार्ट जिलाधिकारी के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजा गया था। जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद चरथावल पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का दावा है कि आरोपितों की गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था और लोग उनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group