मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार को रेता नंगला के जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को छपार थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। मामले में थाना छपार पर मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 दर्ज किया गया था। इसमें बीएनएस की धारा 137(2), 65(1), 61(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन मुख्य आरोपित समीर को गिरफ्तार कर लिया था। प्रकरण में दो अन्य आरोपित वांछित चल रहे थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में दोनों वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। रविवार को छपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित दोनों आरोपित रेता नंगला के जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और जंगल में घेराबंदी शुरू कर दी।पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपितों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायर किए। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए आरोपितों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े।घायल आरोपितों की पहचान सलमान पुत्र लताफत, निवासी ग्राम छपरा, थाना छपार, उम्र करीब 32 वर्ष और अव्वलीन पुत्र सलीम, निवासी ग्राम छपरा, थाना छपार, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपित नाबालिग से दुष्कर्म के दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे थे। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में छपार थाना पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद हथियारों और मुठभेड़ की परिस्थितियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group