मुजफ्फरनगर। किसानों को तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से तोरिया बीज मिनीकिट का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। चयन होने के बाद किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडार से निशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराया जाएगा।कृषि विभाग के अनुसार राज्य सहायतित निशुल्क तिलहन बीज मिनीकिट वितरण, प्रदर्शन एवं प्रसार कार्यक्रम के तहत जिले में तोरिया बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं सामान्य तोरिया बीज किसान राजकीय कृषि बीज भंडार से निर्धारित शुल्क देकर प्राप्त कर सकते हैं। निशुल्क मिनीकिट के लिए किसानों को विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा।विभाग के मुताबिक अभी तोरिया की बुवाई का उपयुक्त समय चल रहा है। जिले में अब तक आठ किसानों ने तोरिया बीज मिनीकिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग की है, जिनमें से पांच किसानों का चयन स्वत: हो चुका है। निशुल्क मिनीकिट के लिए तोरिया की आजाद चेतना प्रजाति उपलब्ध है, जबकि सामान्य वितरण के लिए पीटी-508 प्रजाति का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेत जुताई योग्य होने पर समय से खेत तैयार कर तोरिया की बुवाई कर लें। तोरिया की फसल करीब 90 से 95 दिन में तैयार हो जाती है। विभाग के अनुसार कम समय में तैयार होने वाली यह फसल किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का अच्छा जरिया बन सकती है।निशुल्क तोरिया बीज मिनीकिट में दो किलोग्राम बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसका लाभ लेने के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर पहले से पंजीकृत किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि लक्ष्य से अधिक किसानों की बुकिंग होती है तो पात्र आवेदकों में ऑनलाइन ई-लाटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।चयनित किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से राजकीय कृषि बीज भंडारों से बीज मिनीकिट वितरित किया जाएगा।