मुजफ्फरनगर। शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए गुरुवार को खालापार थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से संवाद कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें। उन्होंने कहा कि अफवाहें माहौल खराब कर सकती हैं, इसलिए किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि करना जरूरी है।उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी कर रही है। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से संदिग्ध अथवा भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने को कहा गया।धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति, सद्भाव और भाईचारे के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।