मुजफ्फरनगर। विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा मित्रों ने शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले जुटे शिक्षा मित्रों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।संगठन के जिला अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान के नेतृत्व में शिक्षा मित्र बीएसए कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र लंबे समय से विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित आर्थिक सुरक्षा और सेवा संबंधी स्थायित्व नहीं मिल पाया है। कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। सरकार को शिक्षा मित्रों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर जल्द निर्णय लेना चाहिए।शिक्षा मित्रों ने मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के साथ स्थायी समायोजन के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। इसके अलावा विशेष टीईटी आयोजित कर शिक्षा मित्रों को अवसर देने की मांग भी उठाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण से जोड़ा गया है, इसलिए उनकी योग्यता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए उनके हित में उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने 62 वर्ष की आयु तक सेवा की स्थायी नियमावली लागू करने और शिक्षा मित्रों को जिले के अंदर तथा जिले से बाहर स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मित्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने का आग्रह किया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष नीरज त्यागी, नाजमा जैदी, जिला उपाध्यक्ष लियाकत अली, भारती देवी, तबस्सुम, नीरज बालियां, मोनिका देवी, वीरपाल सिंह और गौहर खातून समेत बड़ी संख्या में शिक्षा मित्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group