मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र में बेहड़ा सादात मार्ग पर कासमपुर गांव के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि सामने से गलत दिशा में आए वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर भेज दिया।बताया गया कि ग्राम शुक्रताल निवासी सुधांशु शर्मा बीआईटी कॉलेज से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। वह जैसे ही कासमपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आए वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुधांशु सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए भोपा सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर आगे के उपचार के लिए रवाना हुए।उधर, दुर्घटना के बाद वाहन चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में घायल के चाचा धर्मेंद्र शर्मा ने मीरापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने वाहन संख्या UP23 T 0058 के चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के आधार पर चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।