मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के रामपुर चौराहे के पास रास्ते को लेकर हुए विवाद में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगने पर कई टांके लगाए गए। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों पर अस्पताल में भी धमकाने का आरोप लगाया है।बताया गया कि गुप्ता पेंट की दुकान के पास काम कर रहे नोमान और अनस का कुछ लोगों से रास्ते को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के बाद दीदाहेड़ी निवासी ठेकेदार मुशर्रफ और नईम कई अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। दोनों युवकों के साथ मारपीट की गई।पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने पेचकश, हथौड़े और डंडों से वार किए। नोमान के सिर में चोट आई, जबकि अनस को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें लगीं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।,नोमान के पिता इमरान ने छपार थाने में तहरीर देकर मुशर्रफ, नईम समेत सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि हमले के बाद आरोपित पक्ष के लोग अस्पताल भी पहुंचे और वहां धमकी दी। परिवार ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।