मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कथित अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 218 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला है। पुलिस अब उसके पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्मैक की खेप लेकर बसी तिराहे के आसपास ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बसी तिराहे से बुढ़ाना की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान अहसान राणा पुत्र परवीन निवासी गांव नंगला, थाना रतनपुरी के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि आरोपी काफी समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। वह शाहजहांपुर और बरेली से स्मैक की खेप खरीदकर मुजफ्फरनगर, शामली और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था।पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक कांटा मिलने से आशंका है कि आरोपी नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी मात्रा में तौलकर आगे बेचता था। बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हरियाणा और शामली में हत्या के प्रयास, लूट, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसे नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले लोग कौन हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वह किन लोगों तक इसकी सप्लाई पहुंचाता था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group