मुजफ्फरनगर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 104 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 52 लाख रुपये है। मौके से मेरठ निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में लिया गया।पुलिस के अनुसार बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक के जरिए गांजे की बड़ी खेप मुजफ्फरनगर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर नई मंडी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर पचेंडा बाईपास के आसपास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया 103.90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें सवार मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र स्थित बिजली बंबा बाईपास निवासी शिवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जब्त ट्रक का पंजीकरण संख्या यूपी-12 एटी-1297 है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गांजे की खेप आंध्र प्रदेश से लाई जा रही थी। इसके बाद इसे मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और आसपास के जिलों में पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब आरोपी के बताए तथ्यों का सत्यापन करने के साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप आंध्र प्रदेश में किससे खरीदी गई थी और मुजफ्फरनगर पहुंचने के बाद इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group