मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के सीकरी गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र से जुड़े वर्ष 2021 के एक मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान राजेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता करने के साथ सरकारी काम में बाधा डाली गई थी। मामले में आरोपित प्रधान के भाई राजू उर्फ राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।बताया गया कि सीकरी स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता रचना शर्मा ने चार साल पहले पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने ग्राम प्रधान राजेंद्र और उसके भाई पर अपनी मर्जी के मुताबिक काम करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। महिला कर्मचारी के मुताबिक विरोध करने पर नौकरी से हटवाने और तबादला कराने की धमकी भी दी गई थी।शिकायत के अनुसार, दो जून 2021 को दोनों भाई स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचे थे। वहां कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया गया और महिला कर्मचारी के कार्य में व्यवधान डाला गया। मामले को लेकर भोपा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा। दोनों आरोपितों के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ी। ग्राम प्रधान राजेंद्र के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब मामले में फरार चल रहे राजू उर्फ राजकुमार की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार ग्राम प्रधान के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।