मुजफ्फरनगर। मीरापुर के मुख्य बाजार में किराना दुकान पर सामान खरीदने पहुंची महिला का पर्स चोरी हो गया। महिला के अनुसार पर्स में नकदी समेत जरूरी सामान था। घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो महिलाएं संदिग्ध रूप से महिला के आसपास दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार रामराज क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी कमरो मंगलवार को घरेलू सामान लेने मीरापुर बाजार आई थीं। वह एक किराना दुकान पर खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान उनका ध्यान सामान लेने में लगा था। कुछ समय बाद उन्होंने अपने सामान और पर्स को संभाला तो पर्स गायब मिला।महिला ने दुकान संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दुकान में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में दो महिलाएं दुकान के भीतर महिला के आसपास आती-जाती नजर आईं। उनके संदिग्ध तरीके से घूमने को लेकर चोरी में संलिप्त होने की आशंका जताई गई है।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास की दुकानों और बाजार में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, जिससे महिलाओं के आने और जाने का रास्ता पता चल सके।पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।