मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के खाईखेड़ी गांव में बुधवार सुबह ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान एक भाई पर दूसरे ने गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना में धीरज त्यागी के कान के ऊपर चोट आई है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत सामान्य है।बताया गया कि धीरज त्यागी सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत पर गए थे। ट्रैक्टर वापस लाने को लेकर उनका भाई सतीश त्यागी से विवाद हो गया। धीरज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कहासुनी के दौरान सतीश ने उन पर गोली चला दी। गोली की चपेट में आने से उनके कान के ऊपर चोट लगी।सूचना मिलने के बाद पुरकाजी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक पड़ताल में दोनों भाइयों के बीच संपत्ति के बंटवारे और ट्रैक्टर को लेकर पहले से पारिवारिक विवाद चलने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों के साथ ही फायरिंग के आरोप की भी जांच कर रही है।पुलिस ने धीरज की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार के मुताबिक मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फिलहाल शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।