मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र के काकड़ा गांव में ग्राम प्रधान के पति पर रास्ते में हमला करने और करीब डेढ़ माह बाद फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक नामजद समेत चार लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।काकड़ा निवासी नीरज कुमार के अनुसार, चार अगस्त की रात वह कार से गांव लौट रहे थे। कार में उनके साथ गांव के कविन्द्र और सौरम गांव निवासी गोविन्द भी मौजूद थे। आरोप है कि गैस एजेंसी के पास बाबूराम और उसके तीन साथियों ने उनकी कार रुकवा ली।नीरज का आरोप है कि बाबूराम शराब के नशे में था और प्रधानी को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर कविन्द्र के पैर में भी लाठी लगने से चोट आई।पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन 16 सितंबर की रात करीब 10 बजे बाबूराम ने उसे फोन किया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई।इसके बाद नीरज ने 17 सितंबर को शाहपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बाबूराम और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और फोन पर हुई बातचीत समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अज्ञात आरोपितों की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group