मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में धोलरा-सिसौली मार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।साहटू गांव निवासी आकाश शुक्रवार को बाइक से धोलरा-सिसौली मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।आकाश पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह बुडीना कला गांव में नाई की दुकान पर काम करता था और अपनी कमाई से परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है।हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से जानकारी जुटाई और वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।