मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न समस्याओं को लेकर 50 फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। मौके पर पांच शिकायतों का निस्तारण कराया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व और भूमि विवाद से जुड़ी रहीं। इसके अलावा बिजली, राशन कार्ड, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, समाज कल्याण, शिक्षा, श्रम, पेंशन, सड़क और पुलिस से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं और शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।उन्होंने आइजीआरएस पर दर्ज शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से उसकी संतुष्टि के संबंध में जानकारी ली जाए और मौके की फोटो भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा मिलने पर उसे तत्काल हटाया जाए।समाधान दिवस समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य कृषक उपहार योजना के तहत प्रगतिशील किसान रवि गर्ग को पंपिंग सेट प्रदान किया।इस दौरान उप जिलाधिकारी खतौली डा. ललित कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group