मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गंगनहर पुल पर एक युवक और युवती नहर में छलांग लगाने के लिए पुल के किनारे पहुंच गए। दोनों को इस हालत में देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान एक महिला ने साहस दिखाते हुए दोनों को पकड़कर पीछे खींच लिया और उनकी जान बचा ली।बताया गया कि नंगला गंगनहर पुल पर युवक और युवती एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे। दोनों नहर में कूदने की तैयारी में थे। लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक महिला उनके पास पहुंची और दोनों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले आई।दोनों के बचने के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को थाने ले गई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।बताया गया कि युवती सिखेड़ा क्षेत्र के भंडूर गांव की रहने वाली है, जबकि युवक ककरौली क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि नहर में छलांग लगाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।