मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे में आपराधिक वारदात में साथ देने से इनकार करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि बदमाश ने पहले उसे अपने साथ लूट करने के लिए चलने को कहा। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहल्ला इस्लामनगर निवासी साजिद के अनुसार 17 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह चौपले से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जीटी रोड पर पारस फर्नीचर के सामने काजियान निवासी काला उर्फ काशिम ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने पैसों की जरूरत बताते हुए साजिद से अपने साथ चलकर लूट की वारदात करने को कहा।साजिद ने कथित तौर पर इस काम में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर काला उर्फ काशिम ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। विरोध करने पर आरोपित ने उसे गोली मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह वहां से निकला और खतौली थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।पीड़ित ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ अपनी सुरक्षा की भी मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर काला उर्फ काशिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।