शामली। दयानंद नगर के वार्ड संख्या 16 में जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका पहुंचे लोगों और वार्ड सभासद के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि सभासद के साथ कथित मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि दयानंद नगर के वार्ड 16 में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर कुछ महिला और पुरुष नगर पालिका पहुंचे थे। इसी दौरान वार्ड सभासद एवं भाजपा जिला मंत्री अनिल उपाध्याय भी अधिकारियों और कर्मचारियों से वार्ड की समस्याओं को लेकर बातचीत कर रहे थे।आरोप है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर सभासद और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। वार्डवासियों का आरोप है कि सभासद ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने सभासद के साथ मारपीट कर दी। बताया गया कि सभासद वहां से निकलकर सदर कोतवाली की ओर चले गए, लेकिन थाने के गेट के पास भी उनके साथ खींचतान और मारपीट की गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।वहीं सभासद अनिल उपाध्याय ने महिलाओं से अभद्रता के आरोपों को गलत बताया। उनका आरोप है कि वह नगर पालिका से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लगातार उठा रहे हैं, इसी कारण उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल के इशारे पर भीड़ को उनके साथ मारपीट के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।दूसरी ओर, सभासद से विवाद में शामिल महिला ने इन आरोपों को खारिज किया। उसका कहना है कि वार्ड में जलभराव से लोग परेशान हैं और समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे थे। महिला के अनुसार सभासद द्वारा काम में बाधा डालने का विरोध करने पर विवाद हुआ।नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने सभासद द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए घटना से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।घटना के बाद दोनों पक्षों ने सदर कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group