मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के बुडिना कलां गांव में नलकूप से बिजली के उपकरण चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार घटना के करीब 10 घंटे के भीतर दोनों को धौलरा बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया। उनके कब्जे से चोरी का सामान और अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक बुडिना कलां निवासी संजीव ने 18 सितंबर को शिकायत दी थी कि 16 और 17 सितंबर की रात चोरों ने नलकूप की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और स्टार्टर व केबल समेत बिजली का सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत गठित टीम ने आसपास के रास्तों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर शुभम (24) पुत्र सुनील और आशू उर्फ अन्नू (22) पुत्र संजय, निवासी ग्राम पीरबड़, थाना तितावी को धौलरा बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार आरोपितों के पास से नलकूप से चोरी किए गए दो प्लास्टिक केबल के टुकड़े, स्टार्टर बोर्ड के दो कटआउट, क्षतिग्रस्त स्टार्टर कवर, तीन खराब स्टार्टर कॉयल, बिजली के तार और लोहे की कॉयल के टुकड़े बरामद हुए। इसके अलावा दीवार तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का औजार और दोनों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए।पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ तितावी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अवैध हथियार बरामद होने के संबंध में भी अलग से कार्रवाई की गई है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित चौधरी, नवनीत यादव, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र तथा आरक्षी राकेश कुमार और नितिन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में नलकूपों और किसानों के उपकरणों की चोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है।