मुजफ्फरनगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की महावीर रॉयल सोसाइटी निवासी एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 10 फरवरी 2026 को देहरादून निवासी शुभम गुप्ता के साथ हुई थी। शादी समारोह देहरादून के जिम कॉर्बेट क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में हुआ था। महिला का दावा है कि उसके परिवार ने विवाह में करीब 60 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने उससे 35 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे परेशान किया गया और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। उसके पिता की ओर से कथित तौर पर 10 लाख रुपये नकद और होली का सामान दिया गया, लेकिन इसके बाद भी शेष रकम की मांग जारी रहने का आरोप है।महिला ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर वैवाहिक जीवन से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उसका कहना है कि 15 मई को पति उसे लद्दाख ले गया था। वहां कथित तौर पर पति ने साथ रहने से इनकार कर दिया और विरोध करने पर उसका मुंह दबाकर गला दबाने का प्रयास किया। महिला के मुताबिक घटना के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। अगले दिन उसके बैग से जरूरी दस्तावेज निकाल लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।23 मई को दिल्ली हवाई अड्डे पर दोनों पक्षों के परिवारों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद महिला अपने पिता और भाई के साथ मुजफ्फरनगर लौट आई। बाद में उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाने में पति शुभम गुप्ता के अलावा ससुर रमेश चंद गुप्ता, सास निशा गुप्ता, देवर ईशान गुप्ता तथा सुगंधा गर्ग और निखिल गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।