मुजफ्फरनगर। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नई मंडी स्थित जैन कन्या इंटर कॉलेज में जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में करीब 850 छात्राओं ने भाग लिया।जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के मार्गदर्शन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पटेलनगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी ने शिविर का संचालन किया। उन्होंने छात्राओं को आयुर्वेद के महत्व और दैनिक जीवन में इसके उपयोग की जानकारी दी।शिविर में छात्राओं को संतुलित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या और ऋतु के अनुसार जीवनशैली अपनाने के बारे में बताया गया। चिकित्साधिकारी ने कहा कि खानपान और दिनचर्या में छोटे-छोटे सुधार अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर रखा जा सकता है। छात्राओं से स्वस्थ आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष के 11वें आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ के तहत किया गया। शिविर के माध्यम से छात्राओं को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group