मुजफ्फरनगर। रुड़की चुंगी पुलिस चौकी के पास स्थित मिनी बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान सुहेल और समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।जानकारी के अनुसार, 21 और 22 सितंबर की रात मिनी बैंक में चोरों ने प्लाई की दीवार तोड़कर प्रवेश किया था। इसके बाद बैंक में रखी नकदी लेकर फरार हो गए थे। चोरी की रकम करीब 10 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठे थे। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।बताया गया है कि जांच के दौरान पुलिस की आरोपितों से मुठभेड़ हुई, जिसमें सुहेल और समीर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब चोरी की शेष रकम, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।