मुजफ्फरनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले के आरोपी और 15 लाख रुपये के इनामी आतंकी लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इससे पहले 16 नवंबर को उसका साथी उमर निसार डार भी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।पुलिस के अनुसार, दोनों आतंकियों पर 11 नवंबर को नौपोरा अखरान स्थित सीआरपीएफ पोस्ट पर फायरिंग करने का आरोप था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश में अभियान शुरू किया था।16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दोनों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट गोली लगने के बाद भागने में सफल रहा। इसके बाद उसकी तलाश जारी रही।18 नवंबर को सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि लतीफ जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। जवानों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे संपर्क किया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में लतीफ मारा गया।लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह वर्ष 2025 की शुरुआत में घर से लापता हुआ था। बाद में उसके लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन टीआरएफ से जुड़ने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, वह दक्षिण कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था। उस पर अन्य हमलों में शामिल होने के आरोप भी थे।सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हमले के आरोपियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।