मुजफ्फरनगर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। खतौली के केके जैन इंटर कॉलेज में 19 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की 15 कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। करीब 2500 पदों के लिए साक्षात्कार और परीक्षा के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मिशन उत्तर प्रदेश के तहत विधानसभा स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खतौली में यह मेला लगाया जा रहा है। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को पंजीकरण कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, फोटो पहचान पत्र और बायोडाटा साथ लेकर पहुंचना होगा।अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, मुजफ्फरनगर से संपर्क कर सकते हैं।