मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उद्योग विभाग ने औद्योगिक क्षेत्र में विशेष शिविर लगाने की तैयारी की है। बेगराजपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सामान्य सुविधा केंद्र पर 19 और 20 नवंबर को दो दिवसीय कैंप आयोजित होगा। इसमें उद्यमियों, फैक्ट्री कर्मचारियों और श्रमिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने के साथ ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में मदद की जाएगी।शिविर में पहुंचने वाले लोगों को अपनी और परिवार के सदस्यों की गणना स्वयं ऑनलाइन करने की जानकारी दी जाएगी। जिन लोगों को प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होगी, उन्हें मौके पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उद्योग विभाग का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है।जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र ने औद्योगिक इकाइयों के मालिकों, उद्यमियों, कर्मचारियों और श्रमिकों से शिविर में पहुंचने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि स्व-गणना में भागीदारी कर लोग जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर सकते हैं।