मुजफ्फरनगर। खतौली पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए तीन बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। बरामद वाहनों में खतौली और मेरठ क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, खतौली थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नावला रोड स्थित भैंसी पुलिया के पास तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनके बाल अपचारी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल बरामद की।इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर अलकनंदा नहर पुल से फुलत जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल पांच चोरी की बाइकें पुलिस के हाथ लगीं। बरामद वाहनों में स्पलेंडर प्रो, स्पलेंडर प्लस, केटीएम सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल बताई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ वाहन खतौली मेले और मेरठ क्षेत्र से चोरी किए गए थे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बरामद वाहनों से जुड़े मामलों की जांच शुरू की है। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल के अनुसार, संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। तीनों बाल अपचारियों को नियमानुसार बाल न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित तोमर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।