शामली। कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पेट के उपचार के लिए भर्ती कराए गए 18 वर्षीय युवक की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। मृतक बनत निवासी सावन कश्यप था और अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया में शामिल था। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक और प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। गुस्साए परिजनों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।परिजनों के अनुसार, सावन को पेट में दर्द की शिकायत थी। बृहस्पतिवार शाम उसे कैराना रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि चिकित्सक ने पेट में छोटा ऑपरेशन करने की बात कही थी। देर रात ऑपरेशन किए जाने के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान ही सावन की स्थिति गंभीर हुई, लेकिन उन्हें समय पर उचित जानकारी नहीं दी गई। उनका यह भी कहना है कि बाद में चिकित्सक ने युवक को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा।मृतक की मां चांदो देवी ने बताया कि उनके चार बच्चे थे, जिनमें अब तीन ही बचे हैं। परिवार के अनुसार, सावन घर में कमाने वाला इकलौता बेटा था। मां ने बताया कि बड़ा बेटा रूपेश हाइट कम होने के कारण नौकरी नहीं कर सका। सावन अग्निवीर भर्ती की तैयारी और प्रक्रिया में शामिल था तथा परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। बहनों आरती और पूजा ने भी चिकित्सक पर भाई की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। सीओ सिटी जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के पीछे चिकित्सकीय लापरवाही थी या कोई अन्य कारण, यह जांच और उपलब्ध चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा। फिलहाल परिजन दोषी चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group