मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म महाविद्यालय के सभागार में शनिवार को वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। भारी बारिश के बावजूद जिलेभर से करीब 1330 युवाओं ने मेले में पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के पहले चरण के बाद करीब 823 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया।उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय और सनातन धर्म महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले का शुभारंभ प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने किया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी करीब 40 कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पहुंचीं।मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलते रोजगार बाजार में केवल शैक्षिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, युवाओं को अपने क्षेत्र से संबंधित हुनर भी विकसित करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।मेले में शामिल युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। पंजीकृत अभ्यर्थियों में से करीब 823 को पहले चरण में आगे की प्रक्रिया के लिए चुना गया। चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन जिला सेवायोजन अधिकारी पारुल सिंघल और कैरियर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. अरुणिमा रानी के निर्देशन में हुआ। संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।रोजगार मेले को सफल बनाने में जिला सेवायोजन कार्यालय के रजनीश, शिव शंकर और अश्वनी सूद समेत महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और एनसीसी कैडेट्स ने सहयोग किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।