मुजफ्फरनगर। जिले में गोवंश के संरक्षण और उनके लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की स्थिति जानने के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने शनिवार को परसोली और फतेहपुर खेड़ी स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सा अधिकारी खरड़ डॉ. श्याम सिंह ने दोनों केंद्रों पर पहुंचकर गोवंश के स्वास्थ्य, चारे और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान परसोली आश्रय स्थल में 121 और फतेहपुर खेड़ी में 114 गोवंश मिले। अधिकारियों के अनुसार सभी गोवंश स्वस्थ और सामान्य स्थिति में पाए गए। आश्रय स्थलों पर गोवंश के लिए भूसे के साथ हरे चारे की व्यवस्था मिली। इसके अलावा पीने के लिए स्वच्छ पानी भी उपलब्ध था।निरीक्षण के दौरान दोनों स्थानों पर देखरेख के लिए कर्मचारी मौजूद मिले। पशु चिकित्सा अधिकारी ने आश्रय स्थलों में साफ-सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवंश को नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में हुए निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।