बागपत। जिवाना गांव के पास बाइक से घर लौट रहे दो भाइयों को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। एक भाई के दोनों हाथ और पैर की हड्डियां टूट गईं, जबकि दूसरे के सिर में चोट आई। घटना के बाद आरोपित मौके से निकल गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिवाना निवासी सुभाष के मुताबिक, वह अपने भाई संजीव के साथ किशनपुर बराल से घरेलू सामान लेकर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचने पर विपिन और उसके भतीजे आर्यन ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि दोनों ने बिना किसी बात का मौका दिए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से दोनों भाई संभल नहीं सके और घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देखकर हमलावर वहां से फरार हो गए। बाद में दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।मारपीट में सुभाष के दोनों हाथ और पैर की हड्डियां टूट गईं। वहीं संजीव के सिर में चोट आई है। अस्पताल में दोनों का उपचार कराया गया। सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है। इसी विवाद के चलते रास्ते में घेरकर हमला किया गया। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।पुलिस के अनुसार, सुभाष की शिकायत पर विपिन और आर्यन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।