मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर से 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने मंसूरपुर क्षेत्र के एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस को दी तहरीर में पिता ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी 22 सितंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। सामान्य समय पर घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने स्कूल के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।परिजनों ने अपने स्तर से तलाश करने के बाद शहर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया। पिता ने मंसूरपुर थाना क्षेत्र के संधावली गांव निवासी रोहित पुत्र जग्गू पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी जल्द बरामदगी की मांग की है।पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती का पता लगाने के लिए उपलब्ध जानकारियों के आधार पर संभावित स्थानों की जानकारी जुटा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता भी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group