मुजफ्फरनगर। खतौली में बुढ़ाना रोड स्थित नाले की सफाई के दौरान शनिवार सुबह पन्नी में लिपटा नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सफाई कर्मचारियों ने नाले में पड़ी पन्नी को देखा तो उसके अंदर नवजात का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया गया कि सुबह करीब सात बजे नाले की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर नाले में पड़ी पन्नी पर गई। पन्नी खोलकर देखा गया तो उसमें नवजात का शव था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई।पुलिस के अनुसार नवजात बालक था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर कोई स्पष्ट चोट नजर नहीं आई। पुलिस ने दम घुटने से मौत की आशंका जताई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को नाले में किसने और कब छोड़ा। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ बुढ़ाना रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े व्यक्ति की पहचान की जा सके।फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।