मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। ट्रक के पेड़ में फंस जाने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में चालक के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।बताया गया कि मेरठ से दिल्ली की ओर जा रहा ट्रक परतापुर फाटक के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और ट्रक नीचे जा गिरा। नीचे पहुंचते ही ट्रक पलटकर पेड़ में फंस गया। पेड़ और झाड़ियों के बीच ट्रक के रुक जाने से वह पूरी तरह नीचे नहीं गिर सका।हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर परतापुर थाना पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला के अनुसार, शुरुआती जानकारी में चालक के नींद में होने की बात सामने आई है। हादसे में चालक के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group