सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के बीच भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी की कार चोरी होने का मामला सामने आया है। पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय में अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी कार गायब हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक कार के पास पहुंचकर उसे ले जाता दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी विनीत चौधरी कार संख्या यूपी-11 सीडी-6203 लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बताया गया कि यह कार उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति से मांगकर ली थी। जिलाधिकारी कार्यालय के पास कार खड़ी करने के बाद वह अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो कार मौके से गायब मिली।कार नहीं मिलने पर आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में एक युवक कार के पास पहुंचता दिखाई दिया। युवक ने कार का दरवाजा खोला और कुछ ही देर बाद कार लेकर परिसर से बाहर निकल गया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है।घटना के बाद किसान यूनियन के पदाधिकारी दोबारा जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण एवं सुरक्षित माने जाने वाले परिसर के आसपास से वाहन चोरी होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि कलेक्ट्रेट के आसपास खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों के वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।किसान यूनियन पदाधिकारियों ने पुलिस से चोरी गई कार को जल्द बरामद करने और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।