मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत डीएवी कॉलेज में प्रधानमंत्री के जनसेवा से देशसेवा के 25 वर्ष के कार्यकाल पर आधारित चित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली।प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अलग-अलग विषयों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना, परिवारों के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना तथा जरूरतमंदों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।सुधीर सैनी ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं और उनके उद्देश्यों की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में विकास के साथ देश की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने तथा आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने पर भी काम हुआ है।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनसमस्याओं के समाधान में सहयोग करना है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष ने जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनके बारे में जागरूकता जरूरी है। प्रदर्शनी के दौरान डीएवी कॉलेज के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।