शामली। सरस्वती पब्लिक स्कूल के संचालक अजय कुमार (35) का शव विद्यालय के एक कमरे में मिला। स्कूल के बाहर उनकी कार काफी देर तक खड़ी रहने पर ग्रामीणों को शक हुआ। अंदर जाकर देखने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी हो गई थी, लेकिन अजय कुमार की कार शाम तक स्कूल के बाहर खड़ी रही। काफी देर तक कार नहीं हटने पर ग्रामीण स्कूल के अंदर पहुंचे। वहां एक कमरे में अजय कुमार का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।ग्राम प्रधान नरेश के अनुसार, कार काफी देर तक खड़ी रहने के कारण ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।पुलिस को प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, अजय कुमार की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।