लखनऊ। नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट में 42 वर्षीय महिला की उसके 17 वर्षीय बेटे द्वारा कथित रूप से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान किशोर ने घर में रखी रिंच से मां के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद किशोर ने स्वयं पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही नाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने अपार्टमेंट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने किशोर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल रिंच को भी कब्जे में लिया गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर कुछ समय से परिवार से अलग किराये के कमरे में रह रहा था। गुरुवार को वह अपनी मां से मिलने के लिए घर आया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के वास्तविक कारण की जांच कर रही है। परिवार की ओर से किशोर के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी जानकारी दी गई है। पिता के अनुसार, उसका पिछले कई वर्षों से अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा था। परिवार के मुताबिक, कुछ समय से उसे अलग रखा गया था और उसके रहने, पढ़ाई तथा उपचार का खर्च परिवार ही उठा रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल पुलिस किशोर से पूछताछ कर घटना के क्रम और विवाद की वजह स्पष्ट करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group