मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र स्थित एक पेपर मिल से मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर करीब 48 लाख रुपये लेने और बाद में मशीन की आपूर्ति नहीं करने का मामला सामने आया है। पेपर मिल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तमिलनाडु की कंपनी के निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायत के अनुसार बिंदल्स पेपर्स मिल्स लिमिटेड को उत्पादन संबंधी कार्य के लिए एक मशीन की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में कंपनी प्रबंधन की कोयंबटूर स्थित सरवाल इंजीनियरिंग वर्क्स के निदेशक रामप्रसाद से बातचीत हुई। दोनों पक्षों के बीच 28 मई 2025 को मशीन की कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये तय होने की बात सामने आई है।इसके बाद मशीन की खरीद के लिए 21 जुलाई 2025 को प्रचेज ऑर्डर जारी किया गया। इसमें अग्रिम भुगतान की शर्त रखी गई थी। आरोप है कि इसके तहत पेपर मिल की ओर से 31 जुलाई 2025 को आरटीजीएस के माध्यम से 47 लाख 95 हजार 200 रुपये संबंधित कंपनी के खाते में भेजे गए।रकम का भुगतान होने के बाद पेपर मिल प्रबंधन को मशीन की आपूर्ति का इंतजार रहा, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी मशीन नहीं पहुंची। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि कई बार संपर्क करने और मशीन भेजने के लिए कहने के बावजूद आपूर्ति नहीं की गई। इसके साथ ही अग्रिम धनराशि वापस करने की मांग भी पूरी नहीं हुई।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम वापस मांगने पर दूसरे पक्ष की ओर से कंपनी बंद कराने की धमकी दी गई। मामले को लेकर पेपर मिल प्रबंधन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद नई मंडी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान मशीन की खरीद से संबंधित दस्तावेज, प्रचेज ऑर्डर, बैंक खाते में हुए भुगतान और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत सहित अन्य साक्ष्यों को देखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group