मुजफ्फरनगर। इंचौड़ा गांव के जंगल में ट्यूबवेल के पास रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उसके भीतर से कीमती सामान निकालकर ले गए। घटना का पता खेत स्वामी को सुबह चला, जिसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि चोरों ने ट्रांसफार्मर को नीचे गिराकर उसका ढांचा तोड़ा और अंदर से तेल के साथ तांबे तथा एल्युमिनियम की वाइंडिंग निकाल ली। ट्रांसफार्मर 63 केवीए क्षमता का बताया गया है।अधिकारियों के अनुसार घटना में बिजली विभाग को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अवर अभियंता की ओर से रतनपुरी थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ग्रामीण क्षेत्र में खेतों के बीच लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। रात के समय सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को चोर आसानी से निशाना बना लेते हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।