मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में एनएच-58 स्थित अम्बा प्लांट में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 25 वर्षीय सुरक्षा गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान कन्नौज जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के राजापुरवा निवासी कुलदीप पुत्र सतेंद्र के रूप में हुई। बताया गया कि कुलदीप पिछले करीब दो वर्षों से अम्बा प्लांट में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। वह विवाहित था और उसकी पत्नी कन्नौज में रहती थी।प्लांट में ड्यूटी के दौरान कुलदीप का शव दूसरे गेट के ऊपर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्लांट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।प्लांट प्रबंधक सुधीर सहरावत के अनुसार कुलदीप लंबे समय से वहां सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था। घटना की सूचना पर उसके परिजनों को जानकारी दी गई। खबर मिलते ही कन्नौज में रह रही पत्नी और अन्य परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।