नगीना। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में बनी दहशत शनिवार को उसके पकड़े जाने के बाद खत्म हो गई। वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में गुलदार के कैद होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित कब्जे में लेकर कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना पहुंचाया।स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गुलदार देखे जाने की शिकायत वन विभाग से की थी। इसके बाद विभागीय टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। गुलदार को पकड़ने के लिए उपयुक्त स्थान पर पिंजरा लगाया गया था। शनिवार को गुलदार पिंजरे में फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम को सूचना दी।गुलदार के पकड़े जाने की सूचना पर रेंजर प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आवश्यक सावधानी बरतते हुए पिंजरे को कब्जे में लिया और गुलदार को सुरक्षित तरीके से कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना ले जाया गया। वन विभाग के अनुसार पकड़े गए गुलदार की उम्र करीब पांच वर्ष है।अधिकारियों के निर्देश मिलने तक गुलदार को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इसके बाद विभागीय स्तर पर तय प्रक्रिया के तहत उसे उपयुक्त स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर निगरानी भी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group