सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हलियापुर थाना क्षेत्र में अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास हुए हादसे में एंबुलेंस सवार सूबेदार के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।पुलिस के अनुसार देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान बीमारी के चलते चंडीगढ़ में उपचाराधीन थे। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। स्वजन उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए चंडीगढ़ से देवरिया ले जा रहे थे। एंबुलेंस में परिवार के सदस्य और चालक भी सवार थे।रविवार सुबह करीब 8:15 बजे एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान तेज गति से जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक वाहन में फंस गया, जबकि आगे बैठे अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन समुझ, रिश्ते के भतीजे राम समुझ और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौत हो गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। परिवार को हादसे की सूचना दी गई तो देवरिया स्थित घर में मातम छा गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में एंबुलेंस की तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।सबसे दुखद पहलू यह रहा कि परिवार जिस एंबुलेंस से अपने परिजन का पार्थिव शरीर लेकर अंतिम संस्कार के लिए घर लौट रहा था, उसी सफर में परिवार के तीन सदस्यों और चालक की जान चली गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
