मेरठ। हापुड़ रोड पर शनिवार शाम उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक महिला ने दूसरी महिला के साथ कार में जा रहे अपने पति को रोककर बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। विवाद के दौरान महिला ने पति के कपड़े तक फाड़ दिए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।मामला लोहियानगर थाना क्षेत्र में एल-ब्लॉक पुलिस चौकी के पास का है। कांशीराम कॉलोनी निवासी युवक शनिवार शाम कार से एक महिला के साथ जा रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी की नजर कार पर पड़ गई। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया।बताया गया कि पत्नी कार के आगे पहुंचकर उसके बोनट पर लेट गई। इसके बावजूद युवक ने कार रोकने के बजाय आगे बढ़ा दी। महिला करीब 100 मीटर तक कार के बोनट पर लेटी रही। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और युवक को कार रोकने के लिए मजबूर किया।कार रुकने के बाद पत्नी ने पति को बाहर खींच लिया। इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते पत्नी ने पति की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फट गए। इस बीच कार में मौजूद दूसरी महिला मौके से निकल गई।हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देखकर युवक अपनी पत्नी को कार में बैठाकर वहां से चला गया। घटना के दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा।लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group