मुजफ्फरनगर। सेवा पखवाड़े के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निरवाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक किया गया।डॉ. वीरपाल निरवाल ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। स्वस्थ और पात्र लोगों को बिना किसी संकोच के रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि सड़क हादसों में घायल, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और प्रसूताओं समेत कई परिस्थितियों में तत्काल रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता उपचार में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।शिविर में रक्तदान के इच्छुक लोगों का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदान की प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। लोगों को स्वयं रक्तदान करने के साथ परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रताप, डॉ. कुम्मी ग्रेवाल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी योगेश त्यागी और एआरओ नितिन कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।