मुजफ्फरनगर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिलासपुर कट के पास हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 590 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों और पुलिस टीम का आमना-सामना हो गया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एवेंजर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायल आरोपी मंगलौर का निवासी बताया गया है, जबकि पकड़े गए दो अन्य आरोपी खालापार थाना क्षेत्र के सुजडू गांव के रहने वाले हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को स्मैक कहां से मिलती थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी। जांच में तस्करी के नेटवर्क और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।