मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के इलाहाबास गांव में बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जमीन पर फैले करंट की चपेट में आने से तीन पशुओं की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने और प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनुज कुमार अपनी बीमार भैंस को उपचार के लिए मोरना स्थित पशु चिकित्सालय ले जा रहे थे। भैंस को भैंसा-बोगी के पीछे बांधा गया था। रास्ते में बिजली के खंभे के पास करंट फैलने से भैंस और भैंसा उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे में दोनों पशुओं की मौत हो गई। अनुज कुमार ने बोगी से कूदकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान पास में एक मकान के बाहर बाड़े में बंधी सोमपाल की भैंस भी करंट की चपेट में आ गई। उसकी भी मौत हो गई।एक साथ तीन पशुओं की मौत से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विद्युत लाइनों और उपकरणों की नियमित जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि समय रहते बिजली के तारों और अन्य उपकरणों की मरम्मत की जाए तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।शुक्रताल बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता मंगतराम ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का इंसुलेटर खराब होने के कारण तार टूटकर गिरा था। सूचना मिलने पर बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई।उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर सपा नेता हाजी मूसा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित पशुपालकों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित पशुपालकों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group